आहोर में पालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

 आहोर में पालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू






31 अगस्त अंतिम तिथि, 1 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा

आहोर। नगर पालिका आम चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपखंड कार्यालय आहोर में नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। निर्धारित समय के बाद नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को सुबह 11 बजे होगी।

रिटर्निंग ऑफिसर रोहित चौहान ने चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मतदाता सूची से वार्ड व क्रम संख्या का मिलान जरूरी

रिटर्निंग ऑफिसर ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की कि नामांकन पत्र भरने से पहले नवीनतम मतदाता सूची में अपने वार्ड और क्रम संख्या का सही मिलान कर लें। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उपखंड कार्यालय में हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां चुनाव संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

संवीक्षा के दौरान अभ्यर्थी या उनके निर्वाचन अभिकर्ता की उपस्थिति आवश्यक रहेगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवार को स्वयं उपस्थित होकर या हस्ताक्षरित लिखित सूचना प्रस्तुत करनी होगी।

4 सितंबर को लॉटरी से होंगे चुनाव चिह्न आवंटित

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों को 4 सितंबर को सुबह 11 बजे से लॉटरी के माध्यम से चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी सभी अभ्यर्थियों की बैठक लेंगे, जिसमें उम्मीदवारों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

नियंत्रण कक्ष स्थापित

चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और सुचारू संचालन के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। चुनाव संबंधी जानकारी या समस्या के लिए नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 02978-294103 पर संपर्क किया जा सकता है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook