बागरा में गूंजा प्रतिभाओं का हुनर, प्रबल प्रतियोगिता में सागर मल और रवीना ने मारी बाजी
पीएम श्री राजेंद्र सूरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ब्लॉक स्तरीय प्रबल कार्यक्रम आयोजित, 16 विद्यालयों के 27 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
बागरा (ओमप्रकाश रावल)। बागरा की पीएम श्री राजेंद्र सूरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को किशोर विद्यार्थियों में जीवन कौशल, व्यावसायिक कौशल एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार जालौर ब्लॉक का ब्लॉक स्तरीय प्रबल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं एडीपीसी समग्र शिक्षा जालौर मनोहर लाल गोदारा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) रामेश्वर प्रसाद ने की, जबकि बसंत कुमार ओझा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के सह संयोजक एवं पीएम श्री विद्यालय बागरा के प्रधानाचार्य खीम सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में जालौर ब्लॉक के 16 विद्यालयों से छात्र वर्ग में 14 तथा बालिका वर्ग में 13 सहित कुल 27 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
*पांच विषयों पर विद्यार्थियों ने रखे विचार*
आशु भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा, रोजगार की स्थिति, पर्यावरण संरक्षण एवं हमारा भविष्य, आधुनिकता-सोशल मीडिया एवं एआई का प्रभाव तथा स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पाद जैसे पांच विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में पीएम श्री विद्यालय बागरा के कक्षा 12वीं के विद्यार्थी सागर मल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जालौर की कक्षा 11वीं की रवीना कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों विजेता अब जिला स्तरीय प्रबल प्रतियोगिता में जालौर ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दोनों प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
*प्रतियोगिता में इनकी रही निर्णायक भूमिका*
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में बसंत कुमार ओझा एसीबीओ जालौर, खीम सिंह राठौड़ प्रधानाचार्य पीएम श्री विद्यालय बागरा, प्रियंका शर्मा व्याख्याता पीएम श्री राउमावि जालौर, सचिन कुमार छात्र प्रतिनिधि एवं कविता कुमारी छात्रा प्रतिनिधि पीएम श्री विद्यालय बागरा ने भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक विक्रम पुरी ने किया। सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं एस्कॉर्ट्स के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर कपूर सिंह राजपुरोहित आरपी, कैलाश खत्री प्रधानाचार्य ऊण, दयावती चारण, प्रेमपाल डाबी, रविशंकर, डूंगर राम, रणजीत दवे, नरपत कुमार, सुनीता शर्मा, सांवला राम, कनिष्का परमार, निर्मला, नेहा, बदामी विश्नोई, शिवदत्त शर्मा, श्वेता आचार्य, लीला गहलोत, दिनेश विश्नोई, हरीश रांगी, इलियास, सहित पीएम श्री विद्यालय स्टाफ, उपस्थित मौजूद रहे।

