पंचायत चुनाव 2026 आहोर पंचायत समिति में दूसरे चरण में होगा मतदान, 25 ग्राम पंचायतें भी इसी चरण में

 पंचायत चुनाव 2026

आहोर पंचायत समिति में दूसरे चरण में होगा मतदान, 25 ग्राम पंचायतें भी इसी चरण में



आहोर। राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम जारी हो गया है। चुनाव की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में आचार संहिता लागू हो गई है अब यहां नई सरकारी घोषणाएं और विकास कार्य नहीं हो सकेंगे। प्रत्याशियाें और जन प्रतिनिधियों को आचार संहिता का पालन करना होगा। प्रदेश में ये पहला अवसर है जब पंचायती राज चुनाव एक साथ हो रहे हैं। इनमें पूरे प्रदेश में 1403 जिला परिषद सदस्य, 8245 पंचायत समिति सदस्य, 14403 सरपंच और 130589 वार्ड पंच चुने जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार आहोर पंचायत समिति के पंचायत समिति सदस्य और आहोर क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के पंच-सरपंच के चुनाव दूसरे चरण में होंगे। आयोग के चरणवार विवरण में जालोर जिले की 14 पंचायत समितियों और 433 ग्राम पंचायतों का कार्यक्रम दिया गया है।

29 अक्टूबर को पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान

आहोर पंचायत समिति के चुनाव दूसरे चरण में होंगे। दूसरे चरण के लिए पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया 13 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक रहेगी। नामांकन पत्रों की जांच 17 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक रहेगी। इसके बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए आहोर में मतदान 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। दूसरे चरण में मतदान दलों का प्रस्थान/पहुँच 28 अक्टूबर को निर्धारित है।

आहोर की 25 ग्राम पंचायतें भी दूसरे चरण में

राज्य निर्वाचन आयोग  परिशिष्ट-बी में जालोर जिले की पंचायत समितियों को चरणवार बांटा गया है। इसमें आहोर पंचायत समिति दूसरे चरण में शामिल है। आहोर पंचायत समिति में कुल 25 ग्राम पंचायतें हैं और आयोग की तालिका के अनुसार इन ग्राम पंचायतों के लिए 110 मतदान बूथ दर्ज हैं। अर्थात आहोर क्षेत्र में पंचायत समिति सदस्य का चुनाव और ग्राम पंचायत स्तर पर पंच-सरपंच के चुनाव दोनों दूसरे चरण में होंगे।

ग्राम पंचायतों के लिए 13 अक्टूबर को लोक सूचना

ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पद के चुनाव के लिए दूसरे चरण की लोक सूचना 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को जारी होगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की तिथि 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार निर्धारित है। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का समय सुबह 8 बजे से 11 बजे तक रहेगा। नामांकन प्रक्रिया के बाद निर्धारित समय पर जांच, नाम वापसी तथा चुनाव चिह्न आवंटन की कार्रवाई होगी।

31 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में मतदान

आहोर क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पद के लिए मतदान 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होते ही ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पंच एवं सरपंच पद के मतों की गणना की जाएगी। इसी चरण में उपसरपंच का चुनाव 1 नवंबर 2026 को होगा।

पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को

पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के चुनाव की मतगणना सभी चरणों के लिए 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 8 बजे से जिला मुख्यालय पर निर्धारित है। इसके बाद जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर, प्रधान का चुनाव 27 नवंबर और उपप्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा।

 पंचायत समिति सदस्य

अधिसूचना और नामांकन की शुरुआत– 13 अक्टूबर 2026

नामांकन की आखिरी तारीख–  16 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक

नाम वापसी की आखिरी तारीख– 19 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक

मतदान– 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।

चुनाव परिणाम– 29 अक्टूबर 2026

सरपंच

अधिसूचना और नामांकन की शुरुआत–30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार

नामांकन की आखिरी तारीख–30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार

नाम वापसी की आखिरी तारीख– 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार

मतदान– 31 अक्टूबर 2026, शनिवार

चुनाव परिणाम– 31 अक्टूबर 2026, शनिवार

और नया पुराने

Column Right

Facebook