600 किलोमीटर पीछा कर बाइक चोर को पकड़ा, 350 CCTV फुटेज खंगाले
एक नाबालिग डिटेन, चोरी की तीन पावर बाइक बरामद; राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने गैंग का किया खुलासा
जोधपुर। शहर में ताबड़तोड़ बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग का राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को डिटेन किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन पावर बाइक बरामद की गई हैं।
पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 500 से 600 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान रास्ते में लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को वीरेंद्र सिंह चौहान (42), निवासी मां वैष्णव विहार, डाली बाई चौराहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 13 अगस्त की रात उनकी सोसाइटी से तीन बाइक चोरी हो गई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रविंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और आरोपी सागर (21) पुत्र नसरुद्दीन, निवासी मस्जिद की ढाणी भोजाकोर, थाना लोहावट, जिला फलोदी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छुपाकर रात के समय जोधपुर शहर की गलियों और कॉलोनियों में घूमते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर ग्रामीण इलाकों की ओर फरार हो जाते थे। इसके बाद चोरी की बाइक को दूर-दराज के इलाकों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है।