जोधपुर में लाखों की अवैध शराब पकड़ी

जोधपुर में लाखों की अवैध शराब पकड़ी




चाइना क्ले की आड़ में गुजरात भेजी जा रही थी खेप, 550 कार्टन शराब-बीयर जब्त

जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण की खेड़ापा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-62 पर एक 22 चक्का ट्रेलर से 550 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। शराब को चाइना क्ले (मिट्टी) की आड़ में छिपाकर गुजरात के मोरबी ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।

जोधपुर ग्रामीण एसपी पंकज यादव और एएसपी रामेश्वर लाल के निर्देशन में खेड़ापा थाना पुलिस की टीम नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नागौर की ओर से आ रहे ट्रेलर में मिट्टी के नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध ट्रेलर को रुकवाकर तलाशी ली।

पूछताछ में चालक ने शुरुआत में ट्रेलर में केवल मिट्टी होने की बात कही। पुलिस ने जब मिट्टी हटाकर गहन तलाशी ली तो नीचे प्लास्टिक शीट से ढकी 550 पेटियां बरामद हुईं। इनमें अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर भरी हुई थी। चालक के पास शराब परिवहन का वैध लाइसेंस भी नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार चालक की पहचान रामचन्द्र (33) पुत्र दलाराम वैष्णव निवासी निम्बलकोट, जिला बालोतरा के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की यह खेप चूरू निवासी मनीष चौधरी पुत्र मानाराम जाट ने ट्रेलर में भरवाई थी और इसे गुजरात के मोरबी पहुंचाना था।

पुलिस ने शराब और ट्रेलर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क, मुख्य सप्लायर और खेप से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook