जोधपुर में नाबालिग पर चाकू से हमला, बुजुर्ग की सोने की मुरकियां ले गए बदमाश
सोजती गेट में 17 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमला, शादी का झांसा देकर युवती के शोषण का मामला; डूबने से महिला की मौत
जोधपुर में बुधवार को अपराध से जुड़ी कई घटनाएं सामने आईं। सोजती गेट इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। वहीं मथानिया के बालरवा गांव में बुजुर्ग के कानों से सोने की मुरकियां निकालने और एक व्यक्ति से 15 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इसके अलावा नागौरी गेट थाना क्षेत्र में युवती ने शादी का झांसा देकर नौ महीने तक शोषण करने का आरोप लगाया है।
सोजती गेट में नाबालिग पर चाकू से हमला: दूध मंदिर के सामने हेमसिंह के कटले के पास 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उदयमंदिर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बुजुर्ग के कानों से सोने की मुरकियां निकालीं: मथानिया के बालरवा गांव निवासी लालाराम मेघवाल ने पुलिस को रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि शेरनाथ कालबेलिया और उसके साथियों ने धोखे से उनके कानों की दो सोने की मुरकियां निकाल लीं। आरोपियों पर जगदीश नामक व्यक्ति से झांसा देकर 15 हजार रुपए हड़पने का भी आरोप है। पुलिस ने शेरनाथ को शांति भंग और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है।
शादी का झांसा देकर युवती का शोषण: नागौरी गेट थाना क्षेत्र की युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी करीब नौ महीने से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा और बाद में शादी से मुकर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसीपी सेंट्रल संदीप सिंह को सौंपी है।
सल्फॉस खाने से युवक की मौत, डूबने से महिला ने दम तोड़ा: बनाड़ के शिकारगढ़ निवासी 19 वर्षीय प्रवीण जाट की सल्फॉस की गोलियां खाने के बाद एमडीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मंडोर के नागादड़ी में 48 वर्षीय रेखा पत्नी जयंतीलाल दर्जी की डूबने से मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।