राखी बांधने जा रही बहन और पति की मौत: स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो पलटा, मां की बॉडी के पास बैठकर रोता रहा मासूम
रानीवाड़ा रोड पर हादसा, दो बच्चों समेत चार घायल; स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी
जालोर के भीनमाल में बुधवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलटकर सड़क किनारे जा गिरा। हादसे में ऑटो सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनके दोनों बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायल 10 वर्षीय बेटा अपनी मां के शव के पास बैठकर रोता रहा। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पुलिस के अनुसार हादसा रानीवाड़ा रोड पर कोड़ी सगी नदी से पहले पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। महिला अपने पति और बच्चों के साथ भाई को राखी बांधने के लिए रानीवाड़ा क्षेत्र के शिवगढ़ स्थित पीहर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आई स्कॉर्पियो ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी।