जालोर में सड़क पर बिखरी कंकरीट से हादसों का खतरा

 जालोर में सड़क पर बिखरी कंकरीट से हादसों का खतरा

सड़क मरम्मत के बाद नहीं हटाई कंकरीट, दुपहिया वाहन चालक फिसलकर हो रहे चोटिल; टैक्सी यूनियन ने प्रदर्शन कर दी सड़क जाम की चेतावनी


जालोर। शहर में सड़क मरम्मत के लिए डाली गई कंकरीट अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। कंकरीट डालने के बाद सड़क को व्यवस्थित नहीं किए जाने से लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण कंकरीट सड़क पर फैल गई है। इससे दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। वहीं, बड़े वाहनों के टायरों से कंकरीट उछलकर अन्य वाहनों से टकराने के कारण शीशे टूटने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

नाराज शहरवासियों और टैक्सी यूनियन ने किया प्रदर्शन

समस्या से नाराज शहरवासियों और टैक्सी चालक यूनियन ने सोमवार देर शाम करीब 6.30 बजे सड़क पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन कर विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर मामला शांत करवाया।


प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक सड़क की समस्या का समाधान कर मरम्मत का कार्य पूरा नहीं किया गया तो सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

कंकरीट से बढ़ा हादसों का खतरा

शहरवासियों का कहना है कि संबंधित विभाग ने सड़क की मरम्मत के लिए कंकरीट डाली थी, लेकिन इसके बाद सड़क को व्यवस्थित नहीं किया गया। लगातार वाहनों की आवाजाही से कंकरीट फैलकर सड़क पर बिखर गई है। इससे दुपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है।वहीं, बड़े वाहनों के टायरों से कंकरीट के टुकड़े उछलकर राहगीरों और अन्य वाहनों से टकरा रहे हैं। इससे वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ लोगों के चोटिल होने की आशंका भी बनी हुई है।

तत्काल सड़क मरम्मत की मांग

शहरवासी लालाराम सोलंकी ने आरोप लगाया कि संबंधित वार्ड भाजपा के प्रवक्ता का होने के बावजूद यहां विकास और सड़क मरम्मत के काम में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत करवाकर कंकरीट को व्यवस्थित करने और लोगों को राहत देने की मांग की।



और नया पुराने

Column Right

Facebook