निगम के पार्षद प्रत्याशियों का पैनल 27 को भेजेगी कांग्रेस

 निगम के पार्षद प्रत्याशियों का पैनल 27 को भेजेगी कांग्रेस

पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद हर वार्ड से तीन नामों का पैनल होगा तैयार


जोधपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पार्षद प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के चयन के लिए तीन चरणों में प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अब तीसरे चरण में पर्यवेक्षक टिकट के दावेदारों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि, पार्टी में सक्रियता और जीत की संभावनाओं की जानकारी जुटा रहे हैं। पहले चरण में पर्यवेक्षकों ने वार्डों में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की थी। दूसरे चरण में टिकट के दावेदारों से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन लिए गए। ऑफलाइन आवेदन छह ब्लॉक अध्यक्षों के साथ शहर जिला कांग्रेस कार्यालय में लिए गए।

अब तीसरे चरण में दावेदारों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जा रहा है। पर्यवेक्षक यह जानकारी जुटा रहे हैं कि दावेदार ने कांग्रेस के लिए पहले क्या काम किया है, पार्टी की विभिन्न समितियों में उसकी क्या भूमिका रही है और क्षेत्र में उसकी पकड़ कितनी है। इसके साथ ही नए चेहरों तथा पूर्व में किसी अन्य दल से जुड़े रहे दावेदारों की भी जानकारी ली जा रही है।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में दावेदारों से संवाद

सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र के वार्डों के दावेदारों से मंगलवार को विधानसभा पर्यवेक्षक मोहन सिंह ने आवेदन लिए। इसके बाद शाम को जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के पर्यवेक्षक मनोज चौधरी दावेदारों से मुलाकात करेंगे। वहीं, बुधवार सुबह सूरसागर विधानसभा क्षेत्र के पर्यवेक्षक हरीनारायण चौधरी विभिन्न वार्डों के दावेदारों से संवाद कर आवेदन लेंगे।

मोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 24, 25 और 26 अगस्त को राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास कार्यक्रम तय किया गया है। इसी क्रम में जोधपुर में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के आधार पर दावेदारों से व्यक्तिगत संवाद किया जा रहा है।


जिताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ता को प्राथमिकता

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी में कार्यकर्ता उसकी रीढ़ हैं और नगर निगम चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है। इसलिए प्रयास है कि कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता टिकट की प्रक्रिया से वंचित नहीं रहे। पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की कोशिश कर रही है, जो जिताऊ भी हों और टिकाऊ भी।

महापौर का पद भी चुनाव में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में संभावित पार्षद प्रत्याशियों की राजनीतिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि के साथ उनकी जीत की क्षमता को भी परखा जा रहा है। कांग्रेस का लक्ष्य नगर निगम चुनाव जीतकर अपना महापौर बनाना है।

वरिष्ठ नेताओं से भी लिया जाएगा फीडबैक

दावेदारों से संवाद के साथ जिला कांग्रेस कमेटी, दोनों ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से भी दावेदारों को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।

पूरी चर्चा और फीडबैक के बाद प्रत्येक वार्ड के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। यह पैनल 27 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी से अंतिम निर्णय होने के बाद कांग्रेस की ओर से पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।

ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फिलहाल उनके सामने ऐसा कोई मामला नहीं आया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के माध्यम से आवेदन करने वाले दावेदार ही चयन प्रक्रिया में शामिल हैं।

और नया पुराने

Column Right

Facebook