आहोर विधायक ने विधानसभा में उठाया जल जीवन मिशन में देरी का मुद्दा

 अधूरे कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा, रामसीन पंपिंग स्टेशन जल्द पूरा कराने और लंबित कनेक्शन शुरू करने की मांग

आहोर विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के कार्यों में हो रही देरी का मुद्दा विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने राजस्थान विधानसभा में उठाया। उन्होंने सदन में कहा कि क्षेत्र के कई गांवों में योजना के कार्य निर्धारित समय सीमा के बावजूद अधूरे हैं। कई जगह पानी की टंकियां बनकर तैयार हैं, लेकिन पाइपलाइन कनेक्शन नहीं होने के कारण ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

विधायक ने बताया कि पूर्व में विधानसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में संबंधित कार्यों को मार्च 2026 तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 20 अगस्त 2026 तक भी कई कार्य अधूरे हैं।

इन गांवों में कार्य लंबित

विधायक ने सदन में बागरा, सियाणा, सुमेरगढ़ खेड़ा, देलदरी, आकोली, देवदा, रायपुरिया, काणदर, डूडसी, आडवाड़ा, दिगांव, नागणी, नबी, भेटाला, चांदना, मेड़ा ऊपरला, मायलावास, मेड़ा निचला और बारलावास सहित कई गांवों में कार्य लंबित होने की बात रखी। 

रामसीन पंपिंग स्टेशन पर भी सवाल

राजपुरोहित ने रामसीन में निर्माणाधीन पंपिंग स्टेशन का मामला भी विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि पंपिंग स्टेशन का कार्य करीब डेढ़ वर्ष पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक यह पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की।

140 गांवों तक पहुंचना है योजना का लाभ

विधायक के अनुसार आहोर उपखंड के करीब 140 गांव जल जीवन मिशन के दायरे में आते हैं। कई गांवों में पानी की टंकियां तैयार हो चुकी हैं, लेकिन पाइपलाइन कनेक्शन नहीं होने से जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। वहीं कुछ स्थानों पर टंकियों का निर्माण भी लंबित है।

उन्होंने कहा कि हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

उच्चस्तरीय समीक्षा और जिम्मेदारी तय करने की मांग

विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने सरकार से आहोर विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के सभी लंबित कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने की मांग की। उन्होंने रामसीन पंपिंग स्टेशन जल्द पूरा कराने, तैयार टंकियों को तत्काल पाइपलाइन से जोड़कर जलापूर्ति शुरू कराने और लंबित टंकियों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने पर जोर दिया।

साथ ही उन्होंने कार्यों में देरी और लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करने तथा समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रत्येक पात्र गांव और परिवार तक जल जीवन मिशन का लाभ पहुंचाने की मांग की।

और नया पुराने

Column Right

Facebook