जोधपुर में विवाहिता मौत मामले पर कलेक्ट्रेट घेराव, भाई ने नंगे पैर पहुंचकर मांगी इंसाफ की गुहार
जोधपुर-में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को मृतका के परिजनों और समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान मृतका का भाई नत्थूसिंह तपती धूप में नंगे पैर कलेक्ट्रेट पहुंचा।
परिजनों का आरोप है कि उनकी बहन गीता कंवर की 15 अप्रैल को अहमदाबाद स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मृतका का पति अहमदाबाद पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल होने के कारण जांच प्रभावित होने का आरोप लगाया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर आलोक रंजन को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। भाई ने कहा कि जब तक बहन को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वह चप्पल-जूते नहीं पहनेंगे।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को कई सबूत सौंपे, लेकिन उन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। साथ ही आरोप लगाया कि जिन लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई थी, उनके नाम भी केस से हटा दिए गए। मामले को लेकर समाज के लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली