स्कूल जा रहे 14 वर्षीय छात्र को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर मौत
15 फीट दूर जा गिरा बच्चा, खेत में जा रुकी कार; चालक मौके से फरार
बाड़मेर-बाड़मेर जिले के सदर थाना क्षेत्र के लूखू गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। स्कूल जा रहे मासूम को तेज रफ्तार बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बच्चा करीब 15 फीट दूर जाकर गिरा, जबकि कार सड़क से उतरकर खेत में जा रुकी। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार लूखू निवासी सुखदेव (14) पुत्र उमाराम शनिवार सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकला था। घर से स्कूल की दूरी करीब दो किलोमीटर बताई जा रही है। स्कूल से लगभग 500 मीटर पहले शोभला की ओर से तेज गति में आ रही एक स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही सुखदेव सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बाछड़ाऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को निजी वाहन से धोरीमन्ना अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक के शव को धोरीमन्ना अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा नंबर की थी कार, मोबाइल भी मिले
ग्रामीणों के अनुसार कार में दो युवक सवार थे, जो हादसे के बाद मौके से भाग निकले। कार पर हरियाणा नंबर प्लेट लगी हुई थी और उसकी रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बाछड़ाऊ चौकी के एएसआई यूसूफ खान ने बताया कि पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। कार से कुछ मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है