गुजरात बॉर्डर पर कार से अफीम बरामद, ANTF ने आरोपी को दबोचा

 गुजरात बॉर्डर पर कार से अफीम बरामद,

 ANTF ने आरोपी को दबोचा



जालोर/सांचौर। राजस्थान-गुजरात बॉर्डर पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से अवैध अफीम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस जांच से बचने के लिए अफीम को कार की स्टेपनी के अंदर छिपा रखा था।

जानकारी के अनुसार ANTF को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति राजस्थान से हैदराबाद की ओर मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम सांचौर टोल प्लाजा पहुंची, लेकिन संदिग्ध कार वहां से निकल चुकी थी। इसके बाद टीम ने कार का पीछा शुरू किया।

छोटी बिरोल क्षेत्र में की घेराबंदी
ANTF की टीम ने राजस्थान-गुजरात बॉर्डर स्थित छोटी बिरोल क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध बलेनो कार को रुकवाया। अचानक हुई कार्रवाई से चालक घबरा गया। स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर वाहन की सघन तलाशी ली गई।

स्टेपनी के अंदर मिली अफीम
तलाशी के दौरान कार की स्टेपनी के अंदर छिपाकर रखी गई 23 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

हैदराबाद जा रहा था आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बालोतरा क्षेत्र का रहने वाला है और हैदराबाद जा रहा था। बॉर्डर पर सख्त जांच से बचने के लिए उसने अफीम को स्टेपनी में छिपाया था।

कार भी जब्त
पुलिस ने आरोपी कमलेश पुत्र गंगाराम विश्नोई निवासी धोरीमना थाना क्षेत्र, बालोतरा को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में प्रयुक्त बलेनो कार को भी जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook