आहोर : 25 साल से कांग्रेस से जुड़े रमेश सिंह ने छोड़ी पार्टी, टिकट नहीं मिलने पर भाजपा में हुए शामिल

 25 साल से कांग्रेस से जुड़े रमेश सिंह ने छोड़ी पार्टी, टिकट नहीं मिलने पर भाजपा में हुए शामिल




आहोर : नगर निकाय चुनाव के बीच वार्ड संख्या 23 में सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। करीब 25 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े रहे रमेश सिंह ने टिकट नहीं मिलने के बाद कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।

रमेश सिंह ने बताया कि वह पिछले करीब 25 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े हुए थे और बीएलओ-2 सहित पार्टी में कई पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्होंने नगर निकाय चुनाव में वार्ड संख्या 23 से कांग्रेस के टिकट के लिए दावेदारी पेश की थी। रमेश सिंह के अनुसार, उन्हें टिकट मिलने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने किसी अन्य व्यक्ति को प्रत्याशी बना दिया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ने और भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।


मुख्य मार्ग स्थित हनुमान जी मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रमेश सिंह का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल कराया गया।



वार्ड संख्या 23 से भाजपा की ओर से डूंगाराम चुनाव मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस ने परबत सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों में मनोज प्रजापत, गिरधारी सिंह और महेंद्र सेन भी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।


वार्ड में कुल 813 मतदाता हैं। स्थानीय निवासी महेंद्र रांकावत ने बताया कि रमेश सिंह के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने से वार्ड के चुनावी समीकरण बदलने के आसर है, वहीं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने रमेश सिंह के पार्टी छोड़ने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रमेश सिंह वर्षों से कांग्रेस के साथ जुड़े हुए थे, लेकिन केवल टिकट नहीं मिलने की वजह से दूसरी पार्टी में शामिल होना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता रमेश सिंह के इस फैसले का विरोध करते हैं, 

ऐसे में वार्ड संख्या 23 में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहने के बाद रमेश सिंह के भाजपा में शामिल होने से चुनावी गणित कितना बदलता है, यह मतदान और चुनाव परिणाम के बाद ही स्पष्ट होगा।

 


और नया पुराने

Column Right

Facebook