पाली में रोडवेज बस डिवाइडर पर चढ़ी,
बड़ा हादसा टला
पाली। शहर में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब सवारियों से भरी रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना रात करीब साढ़े 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, पाली डिपो की बस जयपुर से पाली पहुंची थी। नहर पुलिया बस स्टैंड पर सवारियां उतारने के बाद चालक बस को नए बस स्टैंड की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान अहिंसा द्वार के पास बस अचानक असंतुलित हो गई और डिवाइडर पर चढ़ गई।
बस डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 60 फीट तक घिसटती चली गई, जिससे बस को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ड्राइवर ने बताया हादसे का कारण
बस चालक के अनुसार, सामने अचानक आए टेम्पो को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
लोगों ने जताया आक्रोश
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में गुस्सा देखने को मिला। कुछ लोगों ने ड्राइवर के साथ हाथापाई भी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
रोड लाइट की कमी बनी वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर पुलिया से बांगड़ स्कूल जाने वाली सड़क पर रोड लाइट नहीं होने के कारण रात में डिवाइडर साफ नजर नहीं आता, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। इससे पहले भी यहां वाहन डिवाइडर पर चढ़ चुके हैं।
सड़क किनारे ठेलों से बढ़ रहा खतरा
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क किनारे लगे फास्ट फूड ठेले और वहां लगने वाली भीड़ भी हादसों का कारण बन रही है। लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर खाने-पीने लगते हैं, जिससे रास्ता संकरा हो जाता है।