जोधपुर में जनगणना 2027 को लेकर स्वगणना अभियान तेज, प्रशासन ने लोगों से ऑनलाइन फॉर्म भरने की अपील की
जोधपुर जिले में जनगणना 2027 के तहत चल रहा स्वगणना अभियान अब तेजी पकड़ता नजर आ रहा है। प्रशासन लगातार लोगों को ऑनलाइन फॉर्म भरने और इस अभियान में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
1 मई से शुरू हुई स्वगणना प्रक्रिया 15 मई तक जारी रहेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और जनगणना का कार्य करेंगे। प्रशासन का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन से जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को काफी सुविधा मिलेगी।
अभियान के पांचवें दिन जिला जनगणना अधिकारी और एडीएम प्रथम जवाहर चौधरी व उप जिला जनगणना अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों के स्टाफ को स्वगणना के निर्देश दिए। साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने और प्रक्रिया से जोड़ने की बात कही गई।
भोपालगढ़ में उपखंड अधिकारी श्रद्धा सिंह के निर्देशन में ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने खुद स्वगणना कर आमजन को प्रेरित किया। वहीं आईटीएस विभाग ने ई-मित्र संचालकों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे 15 मई से पहले ऑनलाइन स्वगणना फॉर्म भरकर जनगणना अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।