जालोर-बागरा फोरलेन पर फिर टूटा डिवाइडर, जेसीबी से बनाया अवैध कट
जालोर-बागरा फोरलेन पर अवैध कट बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला 9 सितंबर का है, जब नगर परिषद चुनाव के दौरान औद्योगिक क्षेत्र तृतीय चरण में लॉ कॉलेज से करीब 270 मीटर आगे जेसीबी की मदद से डिवाइडर तोड़कर नया कट बना दिया गया।
डिवाइडर तोड़ने के बाद मलबा हटाकर वहां बालू-मिट्टी डाल दी गई, ताकि तोड़फोड़ के निशान छिपाए जा सकें। अब इस घटना का वीडियो सामने आया है।
बताया जा रहा है कि फोरलेन पर पहले से करीब 40 अवैध कट मौजूद हैं। इन कटों से वाहन गलत दिशा में यू-टर्न लेते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। अवैध कटों के कारण हुए हादसों में अब तक चार लोगों की मौत भी हो चुकी है।
खास बात यह है कि डिवाइडर तोड़ने के मामलों में पीडब्ल्यूडी पहले एफआईआर दर्ज करवा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अवैध रूप से कट बनाने का सिलसिला जारी है।
दो दिन पहले भी एक अवैध कट पर यू-टर्न ले रही कार को पीछे से आई दूसरी कार ने टक्कर मार दी थी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
मामले को लेकर जालोर पीडब्ल्यूडी एक्सईएन शंकरलाल सुथार ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच करवाई जाएगी और यदि डिवाइडर तोड़ने की पुष्टि होती है तो दोबारा एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
अब सवाल यही है—एफआईआर के बावजूद अगर डिवाइडर तोड़े जाते रहे, तो इन अवैध कटों पर लगाम कब लगेगी?