जाडन ओम आश्रम विवाद: संत फूलपुरी पर ट्रस्ट संपत्ति हड़पने की साजिश का केस दर्ज

जाडन ओम आश्रम विवाद

संत फूलपुरी पर ट्रस्ट संपत्ति हड़पने की साजिश का केस दर्ज


पाली। जिले के चर्चित जाडन स्थित ओम आश्रम एक बार फिर विवादों में आ गया है। आश्रम में रहने वाले संत फूलपुरी के खिलाफ ट्रस्ट की संपत्तियों पर कब्जा करने की साजिश रचने के आरोप में शिवपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

देसूरी थाना क्षेत्र के नीपल गांव निवासी 70 वर्षीय चंदनलाल गर्ग ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने खुद को आश्रम से जुड़े प्रमुख संत स्वामी महेश्वरानंद का नजदीकी रिश्तेदार बताते हुए कहा कि वे लंबे समय से ट्रस्ट गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।

रिपोर्ट में बताया गया कि स्वामी महेश्वरानंद पिछले करीब दो साल से अस्वस्थ हैं और निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर संत फूलपुरी ने सुनियोजित तरीके से ट्रस्ट प्रबंधन और संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश की।

शिकायत के अनुसार, संत फूलपुरी ने स्वामीजी के नाम का दुरुपयोग करते हुए कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और नए ट्रस्टियों को जोड़ दिया। यह मामला तब सामने आया जब 19 मार्च 2026 को गृह मंत्रालय की विदेशी वित्तीय नियमन शाखा से ट्रस्ट सदस्यों की संशोधित सूची जयपुर स्थित शाखा को भेजी गई, जिसकी जानकारी पहले किसी ट्रस्टी को नहीं थी।

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि स्वामीजी के कथित हस्ताक्षर अलग-अलग कागजों पर संदिग्ध तरीके से करवाकर दस्तावेजों को बैकडेटेड दिखाया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उस समय स्वामीजी मानसिक रूप से सक्षम नहीं थे, इसलिए यह पूरा मामला फर्जी और कूटरचित प्रतीत होता है।

गौरतलब है कि जाडन का ओम आश्रम पहले भी संपत्ति और प्रबंधन को लेकर विवादों में रह चुका है और इस मामले में पहले भी शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए फोरेंसिक जांच (FSL) कराने की मांग की है

और नया पुराने

Column Right

Facebook